कोटद्वार, दिनांक 11अप्रैल 2026 - विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में लोक सभा संसदीय क्षेत्र गढ़वाल के नागरिकों को पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं सुलभ रूप से प्रदान करने के क्रम में कोटद्वार में डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण श्री पबित्र मार्घेरिटा, माननीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री द्वारा श्री अनिल बलूनी, माननीय सांसद (लोक सभा), गढ़वाल, उत्तराखण्ड की गरिमामयी उपस्थिति में दिनांक 11.04.2026 को किया गया। इस अवसर पर श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण, माननीय विधायक कोटद्वार एवं उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष; श्री दिलीप सिंह रावत, माननीय विधायक लैंसडाउन; श्री राज कुमार पोरी, माननीय विधायक पौढ़ी एवं श्री शैलेन्द्र सिंह रावत जी, माननीय महापौर, कोटद्वार भी उपस्थित रहे।
2. इस अवसर पर विदेश मंत्रालय से श्री एस. कोवेंथन (भारतीय विदेश सेवा), संयुक्त सचिव, पासपोर्ट सेवा प्रोग्राम-II एवम् श्री अनुज स्वरुप (भारतीय विदेश सेवा), क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून एवं डाक विभाग से श्री अनुसूया प्रसाद चमोला, (भारतीय डाक सेवा), निदेशक डाक सेवा, उत्तराखण्ड डाक परिमण्डल सहित जिले के अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
3. मुख्य अतिथि श्री पबित्र मार्घेरिटा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में विदेश मंत्रालय द्वारा नागरिकों को पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं अत्यन्त सुलभ रूप से उनके द्वार पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से POPSK का संचालन किया जा रहा है। इस क्रम में विदेश मंत्रालय द्वारा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु निरन्तर प्रयास किए जा रहे हैं, जिस क्रम में पिछले वर्ष ही पासपोर्ट सेवा प्रोग्राम वर्जन 2.0 को पूरे देश में लागू किया जा चुका है। प्रधान मंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में इस पासपोर्ट क्रांति के माध्यम से नागरिकों को त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पासपोर्ट सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। हमारे लिए यह विशेष उपलब्धि है कि आज देश में 450 से अधिक POPSK एवं 93 PSK नागरिकों को पासपोर्ट सम्बंधी सेवाएं प्रदान करने हेतु पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने श्री अनिल बलूनी, माननीय सांसद (लोक सभा), गढ़वाल, उत्तराखण्ड का विशेष आभार व्यक्त किया जिनके अथक प्रयासों से इस कार्यालय को खोला गया है।
4. श्री अनिल बलूनी माननीय सांसद (लोक सभा), गढ़वाल, उत्तराखण्ड द्वारा कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री पबित्र मार्घेरिटा, माननीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री को विशेष धन्यवाद दिया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से इस कार्यालय का लोकार्पण सम्भव हो सका है एवम् कोटद्वार के नागरिकों को पासपोर्ट सेवाऐं उनके ही जिले में प्राप्त होंगी। इसी क्रम में उन्होंने विदेश मंत्रालय का भी विशेष आभार व्यक्त किया कि किस प्रकार विदेश मंत्रालय द्वारा भारत के नागरिकों का भारत से बाहर सहयोग किया जाता है एवं संकट या आवश्यकता के समय उनको त्वरित सहायता प्रदान की जाती है।
5. इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा कार्यक्रम को सफल बनाया। कोटद्वार में आयोजित इस गरिमामयी समारोह ने जनसाधारण में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण उत्पन्न किया। उपस्थित जनसमूह ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
6. कार्यक्रम के समापन अवसर पर डाक घर पासपोर्ट सेवा केंद्र, कोटद्वार में प्राप्त आवेदनों के आवेदकों को प्रतीकात्मक रूप से पासपोर्ट वितरित किए गए। इस केंद्र के प्रारम्भ होने के साथ ही कोटद्वार तथा उत्तराखण्ड के आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट सम्बन्धी सेवाएं अब स्थानीय स्तर पर ही सुलभ हो सकेंगी। इससे पूर्व इन सेवाओं के लिए नागरिकों को दूरस्थ शहरों की यात्रा करनी पड़ती थी, जिससे समय एवं संसाधनों की अतिरिक्त व्यय होता था। यह केंद्र क्षेत्रीय नागरिकों के लिए सुविधा, सुगमता एवं समय की बचत सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगा।