सिविल सेवा, नीट यूजी एवं वन डे एग्जाम की निःशुल्क कोचिंग का मिलेगा लाभ
राजकीय रजा इंटर कॉलेज में संचालित हो रही हैं कक्षाएं, पुस्तकालय सुविधा भी उपलब्ध रामपुर। उत्तर प्रदेश/ जिला समाज कल्याण अधिकारी सुश्री सूरज कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत जनपद रामपुर में राजकीय रजा इंटर कॉलेज में निःशुल्क कोचिंग का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए सिविल सेवा परीक्षा, नीट यूजी तथा वन डे एग्जाम की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया जनपद रामपुर में जारी है। इच्छुक अभ्यर्थी विकास भवन स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के कमरा संख्या-13 में प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पासपोर्ट साइज फोटो तथा शैक्षणिक अभिलेखों जैसे हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं ग्रेजुएशन की अंकतालिकाओं की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना पूर्णतः निःशुल्क है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के साथ-साथ पुस्तकालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 में पंजीकरण के लिए पूर्व निर्धारित अंतिम तिथि 25 मई 2026 को बढ़ाकर अब 31 मई 2026 कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।