• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • A grand Kalash Yatra will be taken out on Nirjala Ekadashi, and a mass Jalabhishek of Kashi Vishwanath will take place on June 25.

निर्जला एकादशी पर निकलेगी भव्य कलश यात्रा, 25 जून को होगा काशी विश्वनाथ का सामूहिक जलाभिषेक

वाराणसी,  निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर 25 जून को सुप्रभातम् एवं काशी मोक्षदायिनी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा प्रातः 7 बजे राजेंद्र प्रसाद घाट से प्रारंभ होकर गोदौलिया, बांसफाटक होते हुए ज्ञानवापी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक करेंगे।

कलश यात्रा का शुभारंभ वैदिक विद्वान अमरकांत जी द्वारा मुख्य यजमान मयंक माहेश्वरी एवं तनुश्री माहेश्वरी के हाथों गंगा पूजन एवं कलश पूजन से होगा। यात्रा में डमरूवादक, शंखदल, पीएसी बैंड, नंदी पर विराजमान शिव-पार्वती की झांकी तथा भजन मंडली आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यात्रा में विधायक नीलकंठ तिवारी, विकास प्राधिकरण के मानस सदस्य अंबरीश सिंह ‘भोला’ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। 11 रजत कलशों में विभिन्न पवित्र नदियों का जल एवं दूध लेकर विशिष्ट अतिथि जलाभिषेक में सहभागी बनेंगे।

आयोजकों के अनुसार वर्ष 1999 में शंकराचार्य की प्रेरणा से शुरू हुई यह यात्रा देश के द्वादश ज्योतिर्लिंगों को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने तथा राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का संदेश देती है। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा, शरबत एवं पेयजल वितरण तथा श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की जाएगी।