• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Administration should provide relief and an opportunity for improvements to traders following the Aliganj fire incident – ??Ms. Geeta Gupta

अलीगंज अग्निकांड के बाद व्यापारियों को राहत एवं सुधार का अवसर दे प्रशासन – सुश्री गीता गुप्ता

लखनऊ, 01 जुलाई 2026। अलीगंज में हुई भीषण अग्निकांड की घटना अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक है। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल इस हादसे में अपने परिजनों, प्रतिष्ठानों अथवा संपत्तियों को खोने वाले सभी प्रभावित परिवारों एवं व्यापारियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता है।

इसी गंभीर विषय को लेकर आज दिनांक 01 जुलाई 2026 को संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी से शिष्टाचार एवं आपातकालीन भेंट कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने अग्निकांड के बाद व्यापारियों के समक्ष उत्पन्न हो रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों से माननीय उपमुख्यमंत्री जी को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

सुश्री गीता गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों के प्रति लंबे समय से चली आ रही लापरवाही और निगरानी व्यवस्था की कमियों की ओर भी संकेत करती हैं। 

दि संबंधित विभागों, विशेषकर नगर निगम, एलडीए एवं अन्य जिम्मेदार संस्थाओं द्वारा समय-समय पर प्रभावी निरीक्षण, मार्गदर्शन एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित कराया गया होता, तो संभवतः ऐसी भयावह स्थिति उत्पन्न न होती।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में नगर निगम एवं एलडीए द्वारा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों एवं अन्य व्यावसायिक इकाइयों के विरुद्ध की जा रही सीलिंग कार्रवाई से व्यापारी वर्ग में चिंता का वातावरण है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना 

 आवश्यक है, किन्तु बिना पर्याप्त अवसर दिए प्रतिष्ठानों को सील कर देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ओर से मांग की गई कि संबंधित व्यापारियों एवं संस्थानों को कम से कम 5 से 10 दिनों का समय प्रदान किया जाए, ताकि वे अधिकृत एवं प्रमाणित एजेंसियों के माध्यम से अपने प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट करा सकें, फायर सेफ्टी उपकरण स्थापित कर सकें, आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exit) की व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन कर सकें।

सुश्री गीता गुप्ता ने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले से ही आर्थिक चुनौतियों, बढ़ती महंगाई, धीमे व्यापार, ऑनलाइन प्रतिस्पर्धा एवं बाजार की मंदी जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। ऐसे समय में दंडात्मक कार्रवाई के बजाय सुधारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाना अधिक उचित होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव सरकार, समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। रोजगार सृजन, कर भुगतान एवं सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में व्यापारियों का योगदान अतुलनीय है। इसलिए उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों एवं परिस्थितियों को भी संवेदनशीलता के साथ समझा जाना चाहिए।

माननीय उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक जी ने व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय प्रभारी विष्णु शंकर तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी भुवनेश पांडे, सौरभ सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश सरकार, नगर निगम, एलडीए एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से आग्रह करता है कि व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए, उन्हें सुरक्षा मानकों के अनुपालन हेतु पर्याप्त समय दिया जाए तथा फायर सेफ्टी एवं आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं को लागू करने के लिए सहयोगात्मक वातावरण बनाया जाए।

"सुरक्षा भी आवश्यक है और व्यापार भी। दोनों के बीच संतुलन बनाकर ही स्थायी एवं प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।"