• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Taxi fares have increased due to the rising prices of diesel and petrol; Varanasi Tourism Association has announced new rates.

डीजल-पेट्रोल की महंगाई से बढ़ा टैक्सी किराया, वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन ने किया नई दरों का ऐलान।

2018 के बाद पहली बार बढ़े रेट, सरकार की वन टाइम टैक्स नीति का भी विरोध।

वाराणसी। लगातार बढ़ती महंगाई और डीजल-पेट्रोल की कीमतों के चलते टैक्सी उद्योग आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर वाराणसी टूरिज्म एसोसिएशन (VATA) की ओर से होटल त्रिदेव ग्रैंड में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें टैक्सी किराए में तत्काल प्रभाव से 2 रुपये प्रति किलोमीटर की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणय रंजन सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 के बाद पहली बार किराए में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में डीजल-पेट्रोल, वाहन रखरखाव और अन्य खर्चों में भारी वृद्धि हुई है, जबकि टैक्सी संचालक पुराने रेट पर ही काम कर रहे थे, जिससे पूरा उद्योग संकट के कगार पर पहुंच गया है।

नई दरों के अनुसार अब डिजायर 13 रुपये प्रति किमी, एर्टिगा 16 रुपये प्रति किमी, क्रिस्टा 20 रुपये प्रति किमी, टेम्पो ट्रैवलर 30 रुपये प्रति किमी तथा अर्बनिया 35 रुपये प्रति किमी की दर से संचालित होंगी। हालांकि न्यूनतम रनिंग किलोमीटर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पहले की तरह लोकल यात्रा के लिए 200 किमी तथा आउटस्टेशन के लिए 250 किमी प्रतिदिन की बिलिंग लागू रहेगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा टैक्सी वाहनों पर लागू की गई वन टाइम टैक्स नीति का भी कड़ा विरोध किया गया। एसोसिएशन का कहना है कि नई और पुरानी सभी टैक्सी गाड़ियों पर अचानक भारी टैक्स लागू कर दिया गया है, जिससे टैक्सी संचालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। 3 से 4 साल पुरानी गाड़ियों पर भी तत्काल 1 से 2 लाख रुपये तक टैक्स जमा करने की बाध्यता को अन्यायपूर्ण बताया गया।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस नीति पर पुनर्विचार नहीं किया तो जल्द ही प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में राम पांडेय, रौनक शर्मा, गौरव रुपानी, अरुण सिंह, सतीश सिंह, शानू राय, प्रकाश सिंह, बच्चा सिंह, राका यादव सहित सैकड़ों टैक्सी संचालक मौजूद रहे।