विधवा महिला ने भूमाफियाओं पर लगाया जमीन कब्जाने का आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार

सनी शाह / लखनऊ के इंदिरा नगर अमराई गांव निवासी करीब 57 वर्षीय उर्मिला ने अपनी भूमि पर कथित रूप से जबरन कब्जे और निर्माण के प्रयास का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। महिला के अनुसार अमराई गांव में स्थित आवासीय भूखंड संख्या-9, भूमि खाता संख्या-00116 तथा गाटा संख्या-560 में से करीब 2,000 वर्गफीट (50×40) भूमि उन्होंने वर्ष 2017 में पंजीकृत बैनामे के माध्यम से खरीदी थी। महिला का कहना है कि संबंधित राजस्व अभिलेखों में भी उनका नाम दर्ज है और भूमि की सुरक्षा के लिए उन्होंने चारों ओर सीमेंटेड बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया है। महिला द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि अप्रैल 2026 में कुछ लोगों ने उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसके बाद सितंबर 2026 में भी कथित रूप से भूमि पर ईंटें गिराकर निर्माण कराने की कोशिश की गई। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उनके और उनके पुत्र के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा उन्हें धमकी भी दी गई। उर्मिला ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र में पंकज रावत नामक व्यक्ति पर उनकी भूमि पर कथित रूप से कब्जा कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि रामकुमार रैतानी से संबंधित खसरा संख्या-574 की भूमि का पंकज रावत के पक्ष में कम कीमत पर एग्रीमेंट किए जाने के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। महिला के अनुसार उनकी भूमि खसरा संख्या-560 में है और आरोप है कि उक्त भूमि से संबंधित विवाद के बावजूद पंकज रावत द्वारा उनके भूखंड पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि चुरामन पुरवा निवासी छोटा यादव भी कथित तौर पर इस पूरे मामले में पंकज रावत का सहयोग कर रहे हैं। महिला के अनुसार उनके भूखंड पर उनकी अनुमति के बिना ‘प्लॉट बिकाऊ है’ लिखकर भी लगा दिया गया है। महिला का दावा है कि यह कार्य उनकी भूमि पर अधिकार जताने के उद्देश्य से किया गया। उर्मिला ने संबंधित लोगों द्वारा कथित रूप से फर्जी अथवा कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लेकर भूमि पर कब्जे का प्रयास किए जाने की आशंका भी जताई है।