पिंडरा, वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने सोमवार को 124.03 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कठीराव–नेवादा मार्ग का विधिवत भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कठीराव–नेवादा मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। यह सड़क बनने के बाद कठीराव और नेवादा के बीच यात्रा सुगम होगी तथा किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में होने वाली आवागमन की कठिनाइयों से भी लोगों को निजात मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को शीघ्र इसका लाभ मिल सके। विधायक ने कहा कि पिंडरा विधानसभा में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जिला महामंत्री जेपी दुबे, आदित्य दुबे, मनोज शुक्ला, बच्चन चौहान, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, बाबा शंकर पांडेय, मीठे सिंह, दीपक सिंह, अभिषेक राजपूत,दिलीप सिंह प्रधान,मुरारी सिंह,अनुज सिंह, अजय पटेल, रमेश पटेल,सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।