• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • We will crush the exam-rigging mafia; there are only two places for them—jail or hell: Chief Minister Yogi Adityanath.

नकल माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे, उनके लिए दो ही जगह—जेल या जहन्नुम : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

फतेहपुर  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर के मदारीकला में आयोजित जनसभा में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, विकास और रोजगार समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में नकल माफियाओं और अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि "नकल माफियाओं को मिट्टी में मिला देंगे। उनके लिए अब दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम। उन्हें कोई नहीं बचा सकता।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कानून लागू कर रही है। इसके तहत दोषियों को 10 वर्ष तक की सजा और ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


' कानून से खिलवाड़ करने वालों पर बुलडोजर चलता रहेगा' 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शुरू से ही स्पष्ट कर दिया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए केवल दो ही स्थान हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने कहा कि अपराधियों और माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी। किसी भी माफिया को युवाओं, व्यापारियों और बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों में नकल माफियाओं को संरक्षण मिलता था, जबकि वर्तमान सरकार उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई कर रही है।

 487 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास 

मुख्यमंत्री ने फतेहपुर में ₹487 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने जालौन में ₹1,273.96 करोड़ लागत की 324 विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।


 नीट पेपर लीक पर भी बोले मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में नीट परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि मामला सामने आते ही केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई की। आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए समयबद्ध ढंग से परीक्षा और परिणाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

' फतेहपुर अब पिछड़ा जिला नहीं रहा '

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले फतेहपुर शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के मामले में पिछड़े जिलों में गिना जाता था। विकास के लिए आने वाला धन भ्रष्टाचार और सिंडिकेट की भेंट चढ़ जाता था। उस समय जिले में न पर्याप्त सड़कें थीं, न मेडिकल कॉलेज, न उद्योग और न ही युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर।

उन्होंने कहा कि आज फतेहपुर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। जिले में बेहतर सड़क संपर्क, औद्योगिक विकास, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के माध्यम से नए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।

 'नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी' 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच अधिकांश सरकारी भर्तियां विवादों में रहीं और भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार से प्रभावित थी। वर्तमान सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई है। अब नियुक्तियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर हो रही हैं और फतेहपुर के युवा भी अपनी योग्यता के बल पर चयनित हो रहे हैं।

 अवैध कब्जों पर भी साधा निशाना 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय की भूमि पर भी पूर्व सपा विधायक ने कब्जा कर रखा था, जिसे हाल ही में बुलडोजर कार्रवाई के माध्यम से मुक्त कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में सरकारी और खाली जमीनों पर कब्जा करना एक धंधा बन गया था, लेकिन अब ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।

 सरकारी योजनाओं का किया उल्लेख 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने फतेहपुर को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया एवं ठाकुर दरियाव सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज की सौगात दी है, जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों और किसानों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान दुर्घटना बीमा तथा किसानों के बिजली बिल का भार सरकार द्वारा वहन किए जाने जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण, पुलिस लाइन, पीएसी बैरक, राजकीय आईटीआई, आयुष अस्पताल तथा पेयजल योजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।