कीर्ति मेडिकल हॉल के सामने खड़ी कार में लगी भीषण आग, इंजन जलकर राख

रामपुर। उत्तर प्रदेश/जिला सरकारी अस्पताल के पास स्थित कीर्ति मेडिकल हॉल के सामने खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कार का पूरा इंजन जलकर राख हो गया। घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह कार नितिन यादव की बताई जा रही है, जो कीर्ति मेडिकल हॉल के स्वामी हैं। लोगों ने बताया कि आज भीषण गर्मी के कारण कार के नीचे से पहले हल्की-हल्की चिंगारी निकलती दिखाई दी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मेडिकल हॉल के स्वामी को फोन कर सूचना देने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठ सका।

कुछ ही देर में चिंगारी ने आग का रूप ले लिया और कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। घटना की जानकारी मिलते ही सरकारी अस्पताल पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि काबू में नहीं आ रही थी। बताया जा रहा है कि पास स्थित शर्मा मेडिकल के कर्मचारियों ने भी आग बुझाने के लिए गैस सिलेंडर मंगवाकर प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती रही।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड को भी अवगत कराया गया। कुछ समय बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।