भीम एकता समिति पहाड़पुर ने धूमधाम से मनाई डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती

खागा /फतेहपुर ग्राम पंचायत पहाड़पुर में भीम एकता समिति के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं और ग्रामवासियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा, समानता और संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं।

समिति के अध्यक्ष रामभवन गौतम ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, जागरूकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजीव त्रिवेदी (पत्रकार), रामभवन गौतम (अध्यक्ष), राजेंद्र पाल, चुनकाई पाल, मोतीलाल मास्टर, अजय गौतम, रामराज गौतम, धनराज गौतम, अशोक मास्टर, रामप्रताप (नेताजी) सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।