वाराणसी, आयुक्त कार्यालय सभागार में सोमवार को पिरामल फाउंडेशन द्वारा विकसित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘एआई सचिव जी’ का शुभारंभ जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा एवं प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि एआई सचिव जी ग्राम पंचायतों को योजनाओं की जानकारी, प्रशासनिक कार्यों, रिपोर्ट तैयार करने तथा बैठकों की कार्यवाही दर्ज करने में मदद कर प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने इसे पंचायतों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में प्लेटफॉर्म का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।
पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह एआई आधारित सहायक पंचायत प्रतिनिधियों को सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आवश्यक दस्तावेजों संबंधी त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।