संवाददाता : गंगेश पाठक लखनऊ, 1 अगस्त। द लखनऊ पेपर मर्चेंट्स एसोसिएशन की ओर से शनिवार को होटल हीरा ग्रैंड में पेपर डे का आयोजन उत्साह, सौहार्द और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अनुभवी व्यापारियों तथा बड़ी संख्या में सदस्यों ने सहभागिता कर कागज के महत्व और उसके जिम्मेदार उपयोग का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण "कागज के साथ मेरी यात्रा" विषय पर आयोजित विशेष परिचर्चा रही। इस दौरान वरिष्ठ पेपर व्यापारी दिनेश मित्तल, अशोक जैन, उमेश गोयल तथा सुनील अग्रवाल ने अपने लंबे व्यावसायिक अनुभव साझा किए। उन्होंने पेपर व्यापार के बदलते स्वरूप, विभिन्न चुनौतियों तथा ईमानदारी, विश्वास और नैतिक मूल्यों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में शिक्षा, ज्ञान, संवाद, व्यापार तथा सतत विकास में कागज की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कागज के जिम्मेदार उपयोग, पुनर्चक्रण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। इस अवसर पर स्थापित "पेपर डे प्रतिज्ञा दीवार" पर सभी सदस्यों ने हस्ताक्षर कर कागज के जिम्मेदार उपयोग, पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर प्रकाश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय काबरा, महामंत्री प्रतीक मित्तल, उपाध्यक्ष मनोज तिवारी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय काबरा ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ व्यापारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया इसके बाद पेपर डे के उपलक्ष्य में केक काटा गया तथा चाय-नाश्ते के साथ सदस्यों ने आपसी संवाद कर संगठनात्मक एकता और सहयोग की भावना को और मजबूत किया।