वाराणसी में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर हुआ मंथन
वाराणसी। सम्यक पार्टी के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यकर्ता बैठक बुधवार को बैंक कॉलोनी, महमूरगंज स्थित कल्याणी वाटिका में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करना रहा |
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव राजेन्द्र गुप्ता (राजन) तथा राष्ट्रीय सचिव मनोहर बौद्ध/चुनाव प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा, नीतियों एवं आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। बौद्ध जी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज में बुनियादी परिवर्तन लाना, लोकतंत्र, समता,समृद्धि और खुशहाली को मजबूत करना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करते हुए जन-जन तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाना होगा।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने, पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रूपरेखा तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रांतीय मीडिया प्रभारी राजकुमार पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष प्रवीण कुमार सोनी, जिला अध्यक्ष (शैक्षिक प्रकोष्ठ) कमल कुमार बाजपेयी,हरिनाथ चौरसिया विधानसभा अध्यक्ष, विजय सोनकर विधानसभा उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के आयोजक एवं महानगर अध्यक्ष प्रवीण कुमार सोनी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से सम्यक पार्टी मिशन-2027 के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त करेगी।