वाराणसी। काशी बिस्किट एंड कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल की आपात बैठक अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के सिगरा स्थित आवास पर हुई। बैठक में पिछले 10-15 दिनों में चीनी के मूल्य में हुई अप्रत्याशित वृद्धि पर व्यापारियों ने चिंता और रोष व्यक्त किया अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि चीनी की बढ़ती कीमत से बेकरी, मिठाई, टॉफी-कन्फेक्शनरी समेत छोटे व कुटीर उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। कई छोटे कारोबार पिछले एक सप्ताह से बंद हैं। उन्होंने कहा कि चीनी आम जनता की आवश्यक वस्तु है, इसलिए इसकी बढ़ती कीमत से व्यापारी के साथ आम उपभोक्ता भी परेशान है प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश निरंकारी ने कहा कि त्योहारी सीजन में चीनी की बढ़ी कीमत का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। युवा वाराणसी व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि बढ़ती लागत और बिक्री मूल्य के बीच संतुलन बनाना छोटे कारोबारियों के लिए मुश्किल हो गया है भाजपा कल्याण बोर्ड के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शर्मा ने मांग की कि बड़े गोदामों में खाद्य सामग्री का भंडारण कर कीमतों में कृत्रिम तेजी लाने वालों पर कार्रवाई हो और बड़े उद्योगपतियों पर भी स्टॉक सीमा लागू की जाए। युवा वाराणसी व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीप्तिमान देव गुप्ता ने कहा कि चीनी के बढ़े दाम से आम आदमी का बजट बिगड़ गया है युवा काशी बिस्किट कन्फेक्शनरी व्यापार मंडल महामंत्री मनीष गुप्ता ने जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई, चीनी के दाम तत्काल कम करने तथा राशन की दुकानों पर सस्ती चीनी उपलब्ध कराने की मांग की बैठक में सुशील लखमणि, धर्मेंद्र सिंह, शरद गुप्ता, अंबे सिंह, जितेंद्र गुप्ता, नीरज गुप्ता, जय निहलानी, विकास गुप्ता, जीतन चौधरी, प्रिंस गुप्ता, रोशन जायसवाल सहित काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।