रामपुर,। उत्तर प्रदेश/जनपद रामपुर के थाना पटवाई क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब रहटगंज गांव के निकट एक गंदे नाले पर बनी पुलिया के नीचे प्लास्टिक के कट्टे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग आठ बजे गांव के कुछ लोग पुलिया से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पुलिया के नीचे पड़े एक बड़े प्लास्टिक के कट्टे पर पड़ी, जिसमें से किसी व्यक्ति के दोनों पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। आशंका होने पर ग्रामीणों ने तत्काल गांव के चौकीदार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही थाना पटवाई पुलिस मौके पर पहुंची और कट्टे को खोलकर देखा तो उसमें एक युवक का शव मिला। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी शाहबाद समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में मृतक युवक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। युवक के गले तथा शरीर पर चोट एवं खून के हल्के निशान पाए गए हैं, जबकि उसकी जीभ भी बाहर निकली हुई थी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या कर शव को कट्टे में बंद करके यहां फेंके जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक एवं अन्य जांच टीमों ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है तथा मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।