रामनगर (वाराणसी)। विश्व प्रसिद्ध रामनगर रामलीला के प्रमुख मंचन स्थलों में शामिल पंचवटी क्षेत्र में अतिक्रमण कर स्थायी निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। रामलीला प्रेमियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा रामलीला भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें किला प्रशासन के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचवटी रामलीला का महत्वपूर्ण स्थल है, जहां हर वर्ष हजारों-लाखों श्रद्धालु लीला दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अतिक्रमण और निर्माण कार्य से रामलीला के आयोजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी के महानगर अध्यक्ष आनंद शर्मा ने वाराणसी मंडलायुक्त एवं शासन से मामले की जांच कर रामलीला भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा स्थायी निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपेगा।