वाराणसी, विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर डॉ. शम्भूनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन एवं क्राय के सहयोग से 24 बस्तियों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 500 से अधिक महिलाओं, बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने बाल श्रम मुक्त समाज बनाने की शपथ ली। इस दौरान रैली, जागरूकता सत्र एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
परियोजना निदेशक डॉ. रोली सिंह ने कहा कि बाल मजदूरी एक सामाजिक अभिशाप है, जिसे समाप्त करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महासचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 10 से 30 जून तक चलने वाले अभियान के अंतर्गत बाल श्रम के खिलाफ जन-जागरूकता, फुटबॉल मैच, चौपाल और बाल अधिकार चर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में दीक्षा सिंह, राजश्री शुक्ला एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।