हाथरस। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), हाथरस द्वारा हसायन विकासखंड के जाऊ गांव में किसानों के लिए नेतृत्व कौशल विकास एवं विपणन कौशल विकास विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान केवीके की वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) डॉ. आकांक्षा सिंह ने किसानों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रभावी निर्णय लेने, समूह में कार्य करने तथा कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन, उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करने, बाजार की जानकारी जुटाने तथा सामूहिक विपणन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया इस अवसर पर केवीके के वैज्ञानिक (कृषि शस्य विज्ञान) डॉ. बलवीर सिंह ने किसानों को फसलों में खरपतवार प्रबंधन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने खरपतवारों से होने वाले नुकसान, उचित समय पर नियंत्रण तथा फसल उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में प्रभावी खरपतवार प्रबंधन की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की तथा कृषि से संबंधित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।