• Home
  • Uttar Pradesh
  • Fatehpur
  • Waterlogging at Cooperative Society Leaves Hundreds of Bags of DAP and Urea Submerged; Losses Estimated in the Lakhs

साधन सहकारी समिति में जलभराव से सैकड़ों बोरी डीएपी और यूरिया पानी में डूबी, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका

साधन सहकारी समिति में जलभराव से सैकड़ों बोरी डीएपी और यूरिया पानी में डूबी, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका

खखरेरू/फतेहपुर  लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने साधन सहकारी समिति पौली की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी  समिति परिसर में जलभराव होने से गोदाम में रखी लगभग 180 बोरी उर्वरक पानी में डूब गईं इनमें करीब 70 बोरी डीएपी और 110 बोरी यूरिया शामिल हैं  घटना से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है

क्षेत्र में किसान पहले से ही खाद की किल्लत से जूझ रहे हैं  सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बावजूद उन्हें समय पर उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में समिति में रखी सैकड़ों बोरियों का पानी में डूब जाना किसानों और विभाग दोनों के लिए चिंता का विषय बन गया है

बताया जाता है कि साधन सहकारी समिति पौली के सामने स्थित मैदान में हल्की बारिश के दौरान भी जलभराव की समस्या बनी रहती है गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण पानी समिति परिसर और गोदाम के अंदर तक पहुंच गया, जिससे वहां रखा उर्वरक पूरी तरह पानी में डूब गया

समिति के सचिव मानसिंह ने बताया कि जलभराव रोकने के लिए उन्होंने अपने स्तर से सामने के मैदान में मिट्टी डलवाकर पानी की निकासी का प्रयास कराया था। इसके बावजूद लगातार तेज बारिश के कारण गोदाम में पानी भर गया और लगभग 70 बोरी डीएपी तथा 110 बोरी यूरिया पानी में डूब गई

सचिव का कहना है कि समिति की जर्जर इमारत तथा परिसर में जलभराव की समस्या के संबंध में उच्च अधिकारियों को पहले ही अवगत कराया जा चुका था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण करीब 180 बोरी उर्वरक खराब हो गई

घटना के बाद किसानों में भी नाराजगी है। उनका कहना है कि एक ओर उन्हें पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, वहीं दूसरी ओर लापरवाही के चलते सरकारी उर्वरक बर्बाद हो रहा है। किसानों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा समिति में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है