मंडल मुरादाबाद/ उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद को 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा प्रदेश सरकार की विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था की प्राथमिकताओं को जनता के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण तब रहा जब मुख्यमंत्री ने श्रीराम वाटिका का लोकार्पण एक नन्ही बच्ची के हाथों कराया, जिसका उन्होंने पूर्व में विद्यालय में प्रवेश भी सुनिश्चित कराया था। इस भावनात्मक क्षण की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सराहना की।
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद प्रवास के दौरान विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी की तथा अधिकारियों को जनहित की योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरे समय सतर्क रहा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जनपद में व्यापक तैयारियां की गई थीं। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।