वाराणसी। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह (आईएएस) की अध्यक्षता में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) के लाभार्थियों को बीमा सुरक्षा प्रमाणपत्र वितरित किए गए। बैंक की 63 शाखाओं और 350 से अधिक बैंकिंग संवाददाताओं (बीसी) के सहयोग से आयोजित विशेष अभियान में एक ही दिन में 1500 लोगों को योजना से जोड़ा गया।
क्षेत्र प्रमुख शैलेंद्र कुमार ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 6000 लोगों को योजना का लाभ दिलाया जा चुका है। 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग के लिए संचालित इस योजना में मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। अग्रणी जिला प्रबंधक अविनाश अग्रवाल ने बताया कि जनपद में विभिन्न बैंकों के माध्यम से अब तक 12 लाख से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।