बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने कहा कि आज रेप जैसे जघन्य अपराधों को भी लोग सामान्य खबरों की तरह लेने लगे हैं, जो बेहद चिंताजनक है। तापसी ने कहा- रेप केस में 10 साल का लड़का गुनहगार हो तो इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं। बच्चे गलत दिशा में गए हैं तो हम कुछ तो गलत कर रहे हैं। इसे बदलने की जरूरत है।
तापसी मंगलवार को अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन के सिलसिले में जयपुर आईं। उन्होंने जवाहर सर्किल स्थित ईपी मिराज सिनेमा में समाज में बढ़ते यौन अपराध, बच्चों की परवरिश और अपराध पर सामान्य सोच जैसे गंभीर मुद्दों पर मीडिया से खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा- देश में हर दिन करीब 80 रेप केस सामने आ रहे हैं। समाज को इस पर पर्सनल होकर सोचने की जरूरत है।
रेप को चोरी की तरह सामान्य घटना मान रहे
तापसी पन्नू ने कहा- मैं दिल्ली से हूं। रेप को लेकर रोज इतना कुछ पढ़ने को मिलता है, जिसे पढ़-पढ़कर लोगों ने रेप को नॉर्मलाइज की तरह मान लिया है। चोरी की घटनाओं की तरह इसे देखने लगे हैं। रेप के रोज इतने केस होने लगे हैं। प्रतिदिन रेप के लगभग 80 केस देश में आ रहे हैं। मुझे यह चीज देखकर बहुत गुस्सा आता है कि यह ज्यादा हो रहा है।
डबल धक्का लगता है जब 10 साल के बच्चे रेप करते हैं
एक्ट्रेस ने कहा- मैंने कुछ दिन पहले 6 साल की बच्ची के साथ रेप की घटना सुनी। पता चला कि यह करने वाले 10 से 13 साल के बच्चे थे। इस घटना से डबल धक्का लगता है। हम कुछ तो गलत कर रहे हैं। इस फिल्म (अस्सी) को इस तरह से मत देखिए, जिसमें आप रेप करने वाले के बारे पता करना चाह रहे हो। इसे इस तरह से देखना कि यह क्यों हो रहा है? ऑडियंस को यह फिल्म देखते समय जज बनना होगा। आप लोगों को जजमेंट देना होगा कि आपको क्या लगा? आपका क्या जस्टिस होगा? यह अलग तरह की फिल्म है।
हम बच्चों को बड़ा करने में गलती कर रहे
तापसी पन्नू ने कहा- बच्चों को गलत तरीके से बड़ा कर रहे हैं। हम सभी को इस पर ध्यान देना होगा। कहीं न कही तो इसका असर गलत पड़ रहा है। रेप केस में 10 साल का लड़का गुनहगार हो तो इसके पीछे क्या कारण हो सकता है। हम सभी को घर से शुरुआत करनी होगी।
अपने घर के लड़कों से इसे शुरू करना होगा। उन्हें सिखाना पड़ेगा कि तुम्हें क्या आइडोलॉजी पालनी चाहिए। किस तरह से समाज में रहो, ताकि कोई दूसरा भी ऐसा गलत काम नहीं कर पाए। ऐसा बनना होगा कि समाज में ऐसा काम किसी को भी नहीं करने देंगे।