रामपुर ।जिलाधिकारी ने तत्काल समस्या के समाधन के निर्देश
बिलासपुर मे रामपुर रोड पर एक धर्मस्थल के अत्यंत निकट खोली जा रही देशी मदिरा की दुकान को लेकर स्थानीय जनता में भारी रोष व्याप्त है। नियमों को ताक पर रखकर शराब सिंडिकेट के प्रभाव में खोली जा रही इस दुकान से धार्मिक भावनाएं आहत होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका को देखते हुए माननीय सांसद श्री मोहिबुल्ला नदवी जी ने इस गंभीर प्रकरण का त्वरित संज्ञान लिया है। सांसद प्रतिनिधि अथर अली खां ने इस पूरे मामले से सांसद महोदय को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नियमों की अनदेखी कर पवित्र स्थल के पास शराब की दुकान का संचालन करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी है। प्रशासनिक कार्यवाही और निर्देश: प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए माननीय सांसद मोहिबुल्ला नदवी जी ने तत्काल जिलाधिकारी महोदय और जिला आबकारी अधिकारी से फोन पर वार्ता की। सांसद जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनभावनाओं और धार्मिक मर्यादाओं के विरुद्ध किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस दुकान के संचालन पर तुरंत रोक लगाई जाए और इसे किसी अन्य उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। अधिकारियों का आश्वासन :सांसद जी के कड़े रुख के बाद जिलाधिकारी और जिला आबकारी अधिकारी ने प्रकरण की जांच कर शीघ्र ही दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने का ठोस आश्वासन दिया है। सांसद जी के दिशा-निर्देशन में एक औपचारिक प्रार्थना पत्र भी जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है, ताकि वस्तुस्थिति के अनुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।: माननीय सांसद मोहिबुल्ला नदवी जी ने कहा कि प्रशासन का कर्तव्य जनता की भावनाओं और नियमों का सम्मान करना है। शराब सिंडिकेट के किसी भी दबाव को हावी नहीं होने दिया जाएगा और क्षेत्र की शांति व धार्मिक शुचिता को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।