फर्जी लेटर पैड पर पुलिस को चकमा देने वाले जालसाज गिरफ्तार, सहारनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।।

सहारनपुर पुलिस और एसओजी टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए फर्जीवाड़े के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल कर क्षेत्र में दबदबा बनाने और पुलिस प्रशासन को गुमराह करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी अनस को गिरफ्तार कर लिया गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर पोल निवासी अनस (पुत्र सिन्नू) और उसका साथी अरशद (पुत्र वाहिद), जो पंचायत सहायक के पद पर तैनात हैं, लंबे समय से फर्जी लेटर पैड के जरिए लोगों पर रौब गालिब कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब इन जालसाजों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया सहारनपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन दौरे के दौरान भी पुलिस को गुमराह किया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को चकमा देकर कई बार सरकारी सुरक्षा तक हासिल कर ली थी। ​मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर SOG टीम ने जाल बिछाकर मुख्य आरोपी अनस को धर दबोचा है। हालांकि, उसका दूसरा साथी अरशद अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

​पुलिस प्रशासन का कहना है कि सरकारी पदों पर रहते हुए इस तरह की धोखाधड़ी और सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।