वाराणसी। केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी पीएम मित्र (PM MITRA) योजना भारत के वस्त्र उद्योग को नई दिशा दे रही है। ₹4,445 करोड़ की इस योजना के तहत देश में सात एकीकृत टेक्सटाइल पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनसे उत्पादन, लॉजिस्टिक्स और निर्यात को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि अब तक योजना में करीब ₹69,899 करोड़ के निवेश की रुचि सामने आई है, जबकि ₹27,658 करोड़ का निवेश हो चुका है। प्रत्येक पार्क से लगभग 3 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। सभी सात पार्क मिलकर 21 लाख से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्र योजना प्रधानमंत्री के '5एफ' (फार्म-फाइबर-फैक्टरी-फैशन-फॉरेन) विजन पर आधारित है, जिससे किसानों, बुनकरों, उद्योगों और निर्यातकों को एकीकृत लाभ मिलेगा। आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं से भारत का टेक्सटाइल क्षेत्र वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2030 तक भारत का वस्त्र उद्योग 350 अरब डॉलर के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ेगा और देश वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित होगा।