खखरेरू/फतेहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सर्राफा व्यापारी से दिनदहाड़े लाखों रुपये की लूट की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले के खुलासे के लिए एसओजी सहित कई पुलिस टीमें जांच में जुटी हुई हैं।जानकारी के अनुसार 4 अप्रैल को केशव रायपुर केवटमई गांव निवासी शिवकुमार मौर्य, जो गेरिया बाजार चौराहे पर सर्राफा की दुकान चलाते हैं, शाम को दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। अंजना कबीर गांव के पूरब हाजी जी के ट्यूबवेल के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कट्टे के बट से सिर पर हमला कर ज्वेलरी से भरा बैग और मोबाइल फोन लूट लिया तथा मोटरसाइकिल की चाबी छीनकर कौशांबी की ओर फरार हो गए।पीड़ित के अनुसार लूटे गए बैग में करीब एक किलो चांदी के जेवर और लगभग 40 ग्राम सोने के आभूषण थे। जाते समय बदमाशों ने उनकी सुपर स्प्लेंडर (UP71AD4112) की चाबी घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर फेंक दी, जो पुलिस को रविवार सुबह करीब 11 बजे बरामद हुई। वहीं मोबाइल फोन की लोकेशन घटना स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर तेंदुआ गांव में मिली, जिसके बाद से मोबाइल बंद आ रहा है।
घटना के बाद एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से करीब आधे घंटे तक पूछताछ की और आसपास के संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। कारोबारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं से भय का माहौल बन गया है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।