पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी नशा मुक्ति केंद्र बिना किसी सरकारी मंजूरी के अवैध रूप से चलाए जा रहे थे। न तो इनके पास हेल्थ डिपार्टमेंट की अनुमति थी और न ही प्रशिक्षित स्टाफ। केंद्रों में रह रहे लोगों को उनकी मर्जी के बिना रखा गया था।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान मिशन प्रहार के तहत खन्ना पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया के नेतृत्व में जिले में चल रहे चार गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्रों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान इन केंद्रों में 150 से अधिक लोगों को जबरन और अमानवीय हालात में बंद रखे जाने का खुलासा हुआ, जिन्हें पुलिस ने तुरंत रिहा कराया।
बिना मंजूरी चल रहे थे केंद्र, बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव
पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी नशा मुक्ति केंद्र बिना किसी सरकारी मंजूरी के अवैध रूप से चलाए जा रहे थे। न तो इनके पास हेल्थ डिपार्टमेंट की अनुमति थी और न ही प्रशिक्षित स्टाफ। केंद्रों में रह रहे लोगों को उनकी मर्जी के बिना रखा गया था। कई जगहों पर साफ-सफाई, दवाइयों, सही भोजन और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी पाई गई।
घुंघराली राजपूता में दो केंद्र, 90 लोग बंद, मारपीट और जबरन मजदूरी
सबसे चौंकाने वाला मामला घुंघराली राजपूता गांव से सामने आया, जहां गुरबाणी से जोड़ने के नाम पर दो गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्र चलाए जा रहे थे। यहां करीब 90 लोगों को रखा गया था। पीड़ितों ने बताया कि उनके साथ मारपीट की जाती थी और उनसे घर के काम जबरन कराए जाते थे।
एक व्यक्ति ने बताया कि जमीनी विवाद के चलते उसके रिश्तेदारों ने उसे जबरदस्ती यहां भेज दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। यह भी आरोप लगाया कि गुरबाणी के नाम पर बेअदबी हो रही थी, जिस पर एसजीपीसी को संज्ञान लेना चाहिए।
पायल और राड़ा साहिब से भी लोगों को कराया गया मुक्त
पायल के गोबिंदपुरा में चल रहे गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्र से करीब 10 लोगों को रिहा कराया गया, जबकि राड़ा साहिब में चल रहे केंद्र में 50 से ज्यादा लोग बंद पाए गए। सभी को पुलिस की निगरानी में बाहर निकाला गया। रिहा किए गए लोगों में से कुछ को उनके परिजन अपने साथ ले गए, जबकि बाकी को सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती करवाया गया, ताकि उन्हें सही इलाज और देखभाल मिल सके।
हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम भी रही साथ
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान हेल्थ डिपार्टमेंट से मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत कौर की टीम को भी साथ रखा गया था। टीम ने मौके पर लोगों की मानसिक और शारीरिक स्थिति की जांच की और जरूरी सलाह दी।
मिशन प्रहार से मिली लीड, एक साथ चार जगह रेड
एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि हाल ही में मिशन प्रहार के तहत पुलिस ने तीन दिनों में 106 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि गैंगस्टर दो तरीकों से लोगों को हायर करते हैं—पहला सोशल मीडिया के माध्यम से और दूसरा गैरकानूनी नशा मुक्ति केंद्रों के जरिए। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस को पुख्ता लीड मिली और आज एक साथ चार केंद्रों पर छापेमारी की गई।