रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले में निरीक्षकों एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया है। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को इधर से उधर स्थानांतरित किया गया है।
स्थानांतरण आदेश के तहत प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार को सैफनी से पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक पंकज पंत को थाना खजुरिया से स्थानांतरित कर थाना सैफनी का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसी क्रम में निरीक्षक रणवीर सिंह को साइबर सेल से प्रभारी निरीक्षक थाना शाहबाद नियुक्त किया गया है। निरीक्षक दयाशंकर को अपराध शाखा से प्रभारी निरीक्षक थाना अजीमनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उपनिरीक्षक कर्म सिंह पाल को थाना अजीमनगर से पुलिस लाइन भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों ने शीघ्र ही अपने-अपने कार्यभार ग्रहण करने की तैयारी शुरू कर दी है।