वाराणसी, चोलापुर पुलिस ने चोरी की गई लगभग 482.994 किलोग्राम तम्बाकू (सुरती) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,820 रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक साधुबन राम गौतम, महिला उपनिरीक्षक संध्या जायसवाल, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह तथा पुलिस टीम ने रविवार तड़के ग्राम अटेसुआ के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरेन्द्र कुमार पटेल (43 वर्ष) निवासी अईली, चौबेपुर, रणधीर (30 वर्ष) निवासी परचट रसूलपुर, हरदोई तथा लवकुश राजभर उर्फ नेताजी (35 वर्ष) निवासी सलारपुर, सारनाथ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरके इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर रवि यादव की तहरीर पर 13 जून को थाना चोलापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कम्पनी से बड़ी मात्रा में तम्बाकू चोरी कर बाजार में बेची जा रही है। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद कर तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में 20 बोरियों में भरी सफेद प्लास्टिक पैकिंग वाली सादी सुरती (तम्बाकू) शामिल है, जिसका कुल वजन लगभग 483 किलोग्राम है। आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 238/2026 में धारा 305, 331(4) एवं 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।