वाराणसी, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चोलापुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अध्यक्ष सधुवन राम गौतम के नेतृत्व में चोलापुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने "ऑपरेशन चक्रव्यूह" के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध शस्त्रों और कारतूसों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कटारी ब्लॉक के पीछे स्थित अंडरपास के पास घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक .32 बोर रिवाल्वर, दो पिस्टल, एक तमंचा, कुल 13 जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में अखिलेश उर्फ मोनू राजभर, अरुण राजभर, हिमांशु उर्फ सनी, आभाष सिंह, विशाल सिंह, अनिकेत चौहान एवं नमन मिश्रा शामिल हैं। इनमें से कुछ अभियुक्तों पर हत्या, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। थाना अध्यक्ष सधुवन राम गौतम की सक्रिय रणनीति और सतर्क निगरानी के चलते पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।