• Home
  • Uttar Pradesh
  • Varanasi
  • Varanasi Vyapar Mandal accords grand welcome to DGP Rajiv Krishna; praises law and order situation.

डीजीपी राजीव कृष्ण का वाराणसी व्यापार मंडल ने किया भव्य स्वागत, कानून-व्यवस्था की सराहना

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के वाराणसी आगमन पर पुलिस लाइन में वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर डीजीपी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मुलाकात के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने वाराणसी की कानून-व्यवस्था एवं व्यापारिक वातावरण के संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि वाराणसी में प्रशासन का व्यवहार व्यापारियों के प्रति अत्यंत सहयोगात्मक और व्यवहारिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर के व्यापारी बिना किसी डर एवं भय के अपने व्यवसाय का संचालन कर रहे हैं।

अजीत सिंह बग्गा ने वाराणसी के पुलिस आयुक्त एवं उनकी टीम की कार्यशैली की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यकुशलता और संवेदनशील नेतृत्व के कारण शहर में सुरक्षा का वातावरण बना हुआ है तथा आम नागरिक और व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ डीजीपी का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। व्यापार मंडल के महामंत्री कविंद्र जायसवाल ने भी डीजीपी एवं पुलिस आयुक्त को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश निरंकारी, संयुक्त महामंत्री मनीष गुप्ता, संजय गुप्ता, शाहिद कुरैशी, दिप्तीमान देव, एस.एस. बहल, महिला मंडल अध्यक्ष प्रिया अग्रवाल, गणेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।