मंडल मुरादाबाद/ उत्तर प्रदेश/मुरादाबाद, उत्तराम्नाय ज्योतिष पीठ (ज्योतिर्मठ) के शंकराचार्य श्री श्री 1008 स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने मुरादाबाद प्रवास के दौरान दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद के पदाधिकारियों से मुलाकात कर रजिस्ट्री कार्यालय के निजीकरण तथा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से लागू की जा रही ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में अपना समर्थन व्यक्त किया।
बताया गया कि शंकराचार्य ने बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता से भेंट कर अधिवक्ताओं की मांगों को सुना और कहा कि जनहित एवं न्याय व्यवस्था से जुड़े विषयों पर अधिवक्ताओं की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने रजिस्ट्री कार्यालय के निजीकरण और नई ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए उनके पक्ष में अपनी सहमति जताई।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शंकराचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्थन से अधिवक्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और उनकी मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।