सिगरा पुलिस ने मालगोदाम रोड से किया गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 0214/2026 धारा 69 बीएनएस थाना सिगरा कमिश्नरेट वाराणसी से संबंधित वांछित अभियुक्त संदीप मौर्या पुत्र दिनेश प्रसाद मौर्या निवासी कवि टोला मच्छरहट्टा थाना रामनगर, वाराणसी को मुखबिर की सूचना पर मालगोदाम रोड के पास से 28 मई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता, जो थाना भेलूपुर क्षेत्र की रहने वाली है, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात संदीप मौर्या से गुरुधाम दुर्गाकुंड क्षेत्र में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर मलदहिया स्थित एक गेस्ट हाउस में कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में पीड़िता के गर्भवती होने पर अभियुक्त ने शादी से इनकार कर दिया।
मामले में थाना सिगरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक इन्द्रकांत मिश्रा, कांस्टेबल अनिल कुमार पटेल एवं कांस्टेबल नागेंद्र कुमार सिंह शामिल रहे।