अयोध्या रोड के व्यापारियों ने बताया कि चिनहट स्थित बीबीडी थाने की पुलिस द्वारा रात्रि में जबरदस्ती होटल एवं ढाबों को बंद कराया जा रहा है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे ने अयोध्या रोड इकाई के अध्यक्ष श्री रतन दास को निर्देशित किया कि वे अपनी टीम के साथ डीसीपी पूर्वी कार्यालय पहुंचें। स्वयं अध्यक्ष द्वारा दूरभाष पर वार्ता करने के पश्चात डीसीपी पूर्वी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सभी व्यापारी पूर्ववत अपनी दुकानें एवं प्रतिष्ठान संचालित करते रहें। यदि कोई थाना स्तर का अधिकारी या कर्मचारी अनावश्यक रूप से परेशान करता है, तो इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जाए।
वहीं दूसरी ओर, मोहन रोड मार्केट के व्यापारियों ने अवगत कराया कि खाद्य विभाग एवं जिला पंचायत के कुछ कर्मचारी बाजार में आकर रसीद कटवाने हेतु दबाव बना रहे हैं। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अंजनी कुमार पांडे ने व्यापारियों को निर्देश दिया कि ऐसे अधिकारियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर सूचित करें कि संगठन के पदाधिकारी उनसे वार्ता करेंगे। बाद में जब राष्ट्रीय अध्यक्ष पांडे अपनी टीम के साथ मोहन रोड मार्केट पहुंचे, तब तक संबंधित विभागीय कर्मचारी वहां से जा चुके थे। तत्पश्चात उन्होंने मोहन रोड इकाई के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें आश्वस्त किया कि यदि कोई भी व्यक्ति या विभागीय अधिकारी बाजार में अनर्गल दबाव बनाने का प्रयास करता है, तो पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करें और तत्काल संगठन के क्षेत्रीय पदाधिकारियों को सूचित करें।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी प्रवीण मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र यादव, कोषाध्यक्ष करुणेश प्रताप सिंह,अंगद सिंह, गुलाब सिंह,रतन सिंह,राजेंद्र सिंह,सत्या यादव, निर्भय सिंह सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।