पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने चलाईं 9 परीक्षा स्पेशल ट्रेनें

वाराणसी, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने विशेष व्यवस्था की है। 7 से 9 जून तक आयोजित परीक्षा के दौरान कुल 9 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें से 4 ट्रेनें दिन में तथा शेष 5 ट्रेनें देर शाम अपने निर्धारित समय पर चलाई जाएंगी।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वाराणसी सिटी, गोरखपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर सिटी, देवरिया सदर, भटनी एवं बनारस स्टेशनों पर 24 घंटे हेल्पडेस्क संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही अतिरिक्त टिकट काउंटर, जन उद्घोषणा प्रणाली, कोच गाइडेंस, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल की तैनाती कर भीड़ नियंत्रण एवं अनाधिकृत यात्रियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि सभी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें सामान्य श्रेणी एवं मेमू रेक से संचालित हो रही हैं और मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव ले रही हैं।