मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश /ब्लॉक मुंडापांडे की ग्राम पंचायत सैफपुर पल्ला स्थित सरकारी विद्यालय में कथित तौर पर कम लागत और घटिया गुणवत्ता से बनाई गई स्कूल की दीवार बारिश के दौरान भरभराकर टूट गई। बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर में मौजूद एक पेड़ तेज बारिश के चलते दीवार पर गिर गया, जिससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दीवार के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसकी वजह से मामूली दबाव भी वह सहन नहीं कर सकी। आगामी दिनों में स्कूल खुलने वाले हैं, ऐसे में विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि टूटी हुई दीवार के कारण आवारा कुत्तों का स्कूल परिसर में आना-जाना बढ़ गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। वहीं, पेड़ का एक हिस्सा रास्ते में गिरने से राहगीरों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि टूटी हुई दीवार का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, रास्ते से पेड़ को हटवाया जाए और विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूल खुलने पर बच्चों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।