हमारा देश अनेको चुनौतियों का सामना करते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसे बरकरार रखने के लिए युवाओ को और ज्यादा मशक्कत करनी पड़ेगी। ये बात लखनऊ सिविल डिफेंस के अधिकारी मनोज वर्मा ने उन्नाव जिले के विवेकानंद बालिका इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कही।
मियागंज स्थित विवेकानंद बालिका इंटर कॉलेज में प्रतिवर्ष की भांति धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय की प्रबंधिका सविता सिंह व प्रधानाचार्या गरिमा सिंह की उपस्थिति में मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सिविल डिफेंस लखनऊ के सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात सभी ने राष्ट्रगान गाया। मुख्य अतिथि मनोज वर्मा का अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला, साथ ही छात्र छात्राओं से मोबाइल रूपी दासता से आजादी प्राप्त करने का आह्वाहन किया। विशिष्ट अतिथि डॉ शरद गुप्ता ने युवाओं ने बढ़ रही नशाखोरी पर चिंता जाहिर की और इससे दूरी बनाने को कहा। उन्होंने फास्ट फूड के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला।
इसके बाद विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दरमियान देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। एक पेड़ मां के नाम नाट्य के द्वारा पेड़ो की महिमा और मौजूदगी का संदेश दिया, साथ ही स्वच्छता पर भी नाट्य प्रस्तुति के द्वारा बड़ा संदेश दिया। विद्यालय के होनहार बच्चों के द्वारा इस अवसर पर भाषण भी दिए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
अंत में प्रधानाचार्या गरिमा सिंह ने विद्यालय की सालभर की गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जबकि प्रबंधिका श्रीमती सविता सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया। छात्रा अंशिका शर्मा ने संचालन किया। इस अवसर पर विद्यालय की रीना राय, अनुभा सिंह, सुचित्रा सिंह, शशि प्रभा, शालिनी सिंह, शोइबा, मानसी, रेखा पाल सहित मंदाकिनी गुप्ता, निशा सिंह, शैल वर्मा 'शालू', डॉ राका रानी जैन, शान्तनु सिंह, संजना श्रीवास्तव, पूनम चौधरी, मृदुला अग्रवाल आदि उपस्थित थे।