वाराणसी। सामनेघाट स्थित वैष्णव नगर कॉलोनी में आयोजित सात दिवसीय विष्णु महापुराण कथा एवं अतिविष्णु मनोकामना यज्ञ का भव्य समापन हुआ। कथा वाचक श्रीभगवान वेदांताचार्य रसिक ने श्रीहरि की महिमा, धर्म स्थापना और भक्तवत्सलता पर भावपूर्ण प्रवचन दिए। पूर्णाहुति अवसर पर संतों ने विश्वशांति, राष्ट्रकल्याण एवं मानव कल्याण की प्रार्थना की। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर अवध बिहारी दास महाराज, महामंडलेश्वर बालेश्वरदास महाराज, महंत डॉ. श्रवण दास महाराज सहित अनेक संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन के उपरांत भक्तों के लिए भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया।