वाराणसी, 25 जून। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री आशीष जैन ने गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर खड़ी 15127 बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के कोचों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोचों की स्वच्छता, यात्रियों की सुविधाओं, जलापूर्ति, लाइट-पंखों की कार्यशीलता, लिनन की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वातानुकूलित कोचों में फायर डिटेक्शन सिस्टम का भी अवलोकन किया गया। डीआरएम ने अधिकारियों को ट्रेनों में स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यात्रिक इंजीनियर (सी एंड डब्ल्यू) अनुभव पाठक, कोचिंग डिपो अधिकारी हरिशंकर कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।