वाराणसी। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति की ओर से अमरनाथ यात्रा के दौरान चंदनबाड़ी आधार शिविर में 26वां विशाल सेवा भंडारा आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि यह भंडारा जुलाई से रक्षाबंधन तक संचालित होगा, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए भोजन, ठंडाई, बनारसी कचौड़ी-जलेबी, पान सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि 28 जून को उनके एवं विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में 70 सेवादारों का दूसरा जत्था बेगमपुरा एक्सप्रेस से जम्मू-कश्मीर रवाना होगा। इससे पूर्व सुबह 7:30 बजे लक्सा से वाराणसी कैंट स्टेशन तक करीब 300-400 बाइकों की भव्य रैली निकाली जाएगी। रैली में बाबा बर्फानी के स्वरूप, डमरू दल एवं शिवभक्त शामिल होंगे।
समिति ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए भोजन के साथ कंबल, जूते, मोजे, मास्क, टोपी, स्वेटर एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। संस्था ने अधिक से अधिक शिवभक्तों से रैली में शामिल होकर सेवादारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।