वाराणसी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि भारत के भविष्य का निर्माण आंगनवाड़ी केंद्रों से शुरू होता है। देश के लगभग 14 लाख आंगनवाड़ी केंद्र आज 8.9 करोड़ से अधिक बच्चों, महिलाओं और किशोरियों तक सेवाएं पहुंचा रहे हैं, जबकि 25.2 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं इस अभियान को मजबूत बना रही हैं उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2018 में शुरू किए गए पोषण अभियान को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 9वें राष्ट्रीय पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी ज़िम्मेदारी” रखी गई है। इसके तहत आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियां, सोशल ऑडिट, मेनू बोर्ड, तिथि भोज और पोषण जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय की भागीदारी बढ़ाई जा रही है अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि संतुलित आहार, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा और गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक दशक में 4.65 करोड़ लाभार्थियों को सीधे 21,511 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है, जबकि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के हित में अतिरिक्त लाभ भी प्रदान किए जा रहे हैं उन्होंने सभी नागरिकों से अपने क्षेत्र की आंगनवाड़ी का दौरा करने और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर समुदाय अपनी आंगनवाड़ी को अपनी जिम्मेदारी माने।