• Home
  • Punjab
  • Ludhiana
  • Woman used abusive anguage against PM Modi and the head of Dera Sachkhand Ballan

महिला ने PM मोदी और डेरा सच्चखंड बल्लां प्रमुख को कहे अपशब्द; सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास, गिरफ्तार

एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के जालंधर दौरे पर आए थे। पीएम मोदी डेरा सच्चखंड बल्लां में नतमस्तक हुए। प्रधानमंत्री रविवार को संत श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के उपलक्ष्य में जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेकने पहुंचे थे।

जालंधर की महिला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास को लेकर आपत्तिजनक शब्द कह दिए। महिला ने सोशल मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। जालंधर के आदमपुर इलाके की महिला ने इस संबंध में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। 

महिला की पहचान हरजीत कौर, निवासी गांव जडूसिंघा के रूप में हुई है। वीडियो में महिला ने प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि सुरक्षा इंतजामों के कारण सड़कों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। उसने आरोप लगाया कि हर तरफ बैरिकेडिंग की गई है और लोगों को आने-जाने नहीं दिया जा रहा।


महिला ने वीडियो में कहा कि उसकी बेटी रात से बीमार है और उल्टियां कर रही हैं, लेकिन स्कूटी में तेल तक नहीं है, क्योंकि आदमपुर इलाके की सभी सड़कें बंद कर दी गई हैं। उसने आरोप लगाया कि सड़कों के साथ-साथ दुकानें भी बंद करवा दी गईं, यहां तक कि मेडिकल स्टोर तक नहीं खुलने दिए गए।

महिला ने सवाल उठाया कि यदि ऐसे हालात में किसी को आपात स्थिति में इलाज की जरूरत पड़ जाए तो वह कहां जाए और कैसे जाए। वीडियो में महिला ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पुलिस किसी की बात नहीं सुन रही और लोगों को निकलने नहीं दे रही। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आदमपुर इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। विभिन्न संगठनों के लोग और स्थानीय निवासी आदमपुर पुलिस थाने पहुंच गए और महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर उचित कानूनी कार्रवाई की गई है।