रामपुर। उत्तर प्रदेश /रामपुर भमरौआ शिव मंदिर परिसर में मंदिर ट्रस्ट के श्री सत्यप्रकाश प्रजापति एवं अन्य पदाधिकारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में वृक्षारोपण कर वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, ग्रामीणों तथा वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण किया और सभी से पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।
कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री शिव शंकर यादव, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री धर्मेंद्र कोली, वन रक्षक श्री राजीव चंद्र, वन रक्षक श्री विक्रम सिंह दिवाकर तथा वन रक्षक श्री जयप्रकाश गिरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ।