ट्रॉमा सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 30 यूनिट रक्त संग्रहित

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (आईएमएस-बीएचयू) स्थित ट्रॉमा सेंटर में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं संस्थान के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 30 यूनिट रक्तदान किया शिविर में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के उपचार और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान दिया। इस अवसर पर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस.एन. शंखवार, डीन एकेडमिक प्रो. संजय गुप्ता, ट्रॉमा सेंटर के कार्यवाहक प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. राजेश मीना, उप मुख्य प्रॉक्टर प्रो. अजीत परिहार, डॉ. कविता मीना, वरिष्ठ सहायक कुलसचिव शार्दूल चौबे तथा ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मनीष निगम उपस्थित रहे अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान गंभीर रूप से बीमार मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों और आपातकालीन स्थिति में उपचार करा रहे मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। ट्रॉमा सेंटर जैसे उच्चस्तरीय आपातकालीन चिकित्सा केंद्र में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है उन्होंने आमजन से भी नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। साथ ही शिविर में रक्तदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।