तिरंगा यात्रा में बच्चों ने निकाली भव्य रैली, दिखी एकता और राष्ट्रप्रेम की मिसाल

श्रीमती इंदिरा देवी सिंह ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की, श्री प्रशंजित राय ने नई दिशा फाउंडेशन को दी बधाई

सतना, 10 अगस्त 2026। सावन सोमवार के पावन अवसर पर रामकृष्ण विवेकानंद मिशन आश्रम हाई स्कूल परिसर में तिरंगा यात्रा एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक रैली निकाली, जिसमें विद्यार्थियों की एकता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना देखने को मिली। पूरे वातावरण में देशभक्ति के नारों से उत्साह का माहौल बना रहा।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती इंदिरा देवी सिंह जी, पूर्व इनकम टैक्स सुपरिटेंडेंट, ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि श्री मुकेश तिवारी जी, योगाचार्य ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर आश्रम के डायरेक्टर श्री प्रशंजित राय सर ने नई दिशा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना करते हुए संस्था को इस नेक कार्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों को राष्ट्रप्रेम और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने वाले ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।


कार्यक्रम में नई दिशा फाउंडेशन के सचिव श्री नितिन मिश्रा जी, कोषाध्यक्ष श्री महेंद्र सिंह जी, श्री मेहुल सिंह जी, श्रीमती मनीषा सिंह जी, शिक्षिकाएं रीना चटर्जी मैडम एवं सारिका चटर्जी मैडम, कपिलकांत केवट, देवीलाल, डालाल मैडम, अंश यादव, नीलम सिंह, प्रवीण, प्रवेश सिंह, प्रवीण कुशवाहा, अंकित चौधरी, श्रीकृष्ण गीतारकर, शुभम, शक्ति सिंह, सौरभ भंडल, आदित्य शुक्ला, ऋषभ सिंह, जिगर पटेल, अंश कुशवाहा, अंश साकेत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अध्यापिकाएं, विशिष्टजन एवं विद्यालय का पूरा मैनेजमेंट उपस्थित रहा।

तिरंगा यात्रा के उपरांत विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से बेल, आम एवं आंवले के वृक्षों का रोपण किया गया। सावन सोमवार के पावन अवसर पर किए गए इस वृक्षारोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित की गई, जिससे बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल रहा।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। तिरंगे की शान और प्रकृति की हरियाली के संदेश के साथ यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।