फार्म ट्रेडर्स की ओर से लगाए गए सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रामपुर।(मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा) कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह रामपुर के कोसी पॉइंट पर पहुंचीं, जहां फार्म ट्रेडर्स की ओर से कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाया गया था।
सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर में पहुंचकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कांवड़ियों की सेवा में सहयोग किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान शिविर में मौजूद फार्म ट्रेडर्स के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांवड़ियों की सेवा को लेकर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी। सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कोसी पॉइंट पर लगाए गए सेवा शिविर में कांवड़ियों को राहत और सुविधा देने के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सेवा की।
कांवड़ियों की सेवा में जुटे शिविर में सीएमओ की मौजूदगी से सेवा कार्य में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रकार के सेवा शिविरों को श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजनकर्ताओं की सराहना की।