• Home
  • Uttar Pradesh
  • Lucknow
  • Kathak festival, tradition to be held on 11th under the direction of Dr. Akanksha Srivastava.

डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव के निर्देशन में 11 को होगा कथक समारोह, परम्परा |

समारोह की मुख्य अतिथि पद्मश्री मालिनी अवस्थी एवं विशिष्ट अतिथि पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह होंगी

लखनऊ। पद्मजा कला संस्थान की सचिव एवं अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना एवं गुरु डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव द्वारा शनिवार 11 अप्रैल को आयोजित “परम्परा 2026 संगीत और नृत्य की एक शाम” का आयोजन कैसरबाग स्थित कला मण्डपम् प्रेक्षागृह में शाम छह बजे से किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार 10 अप्रैल को बताया कि इसमें आकांक्षा के 80 से अधिक शिष्यों की कथक नृत्य की विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।

इसमें पहली प्रस्तुति “रिदम आफ करेज” होगी जबकि दूसरी प्रस्तुति कथक नृत्य नाटिका मां पर आधारित होगी जिसकी परिकल्पना, लेखन एवं निर्देशन डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव और संगीत निर्देशन बृजेन्द्र नाथ श्रीवास्तव ने किया है। इस समारोह में लयकारी के तहत शुद्ध कथक नृत्य भी देखने को मिलेगा। मुख्य अतिथि के रूप में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्यकार एवं शिक्षाविद पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह को आमंत्रित किया गया है।

इस समारोह में वरिष्ठ गायिका पद्मा गिडवानी, प्रतिष्ठित तबला वादक पंडित रविनाथ मिश्रा लोकप्रिय कथक कलाकार डॉ. मीरा दीक्षित एवं मंजुला पंत सहित वरिष्ठ कवयित्री ज्योति सिन्हा का सम्मान भी किया जाएगा। समारोह में प्रकाश संचालन मनीष सैनी का होगा जबकि कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ एंकर डॉ. अलका निवेदन करेंगी।