नारी शक्ति अधिनियम का विरोध करने वालों पर हो सख्त कार्रवाई |

लखनऊ। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने गोमती नगर, लखनऊ स्थित कार्यालय पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। 

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम विधेयक को सदन में गिराकर कांग्रेस, सपा और अन्य विपक्षी दलों ने महिलाओं के अधिकारों से उन्हें वंचित करने का प्रयास किया है, जो अत्यंत निंदनीय है। मैं, देश का एक जागरूक नागरिक होने के नाते, इसकी कड़ी निंदा करता हूँ। नारी शक्ति वंदन अधिनियम का गिरना केवल एक विधेयक का गिरना नहीं है, बल्कि यह उन अनगिनत सपनों का ठहर जाना है, जो हर उस स्त्री ने देखे हैं जो अपने अस्तित्व को केवल चार दीवारों तक सीमित नहीं रखना चाहती। 

इस महत्वपूर्ण विधेयक का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना तथा उनके प्रतिनिधित्व को बढ़ाना है, जो भारतीय संविधान में निहित समानता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप है। ऐसे में, कुछ सांसदों द्वारा इस विधेयक के विरोध में मतदान किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। यह आचरण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बाधा के रूप में देखा जा सकता है तथा जनभावनाओं के विपरीत भी है। मैं महामहिम राष्ट्रपति महोदया से मांग करता हूँ कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले सांसदों के आचरण की संवैधानिक एवं नैतिक दृष्टि से समीक्षा कराई जाए तथा उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।