कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के वैज्ञानिक डॉ. बलवीर सिंह, डॉ. आकांक्षा सिंह और डॉ. हरविन्द्र पाल के नेतृत्व में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के किसानों तथा महिला कृषकों के लिए एक विशेष 'मुफ्त मिट्टी जांच अभियान' की शुरुआत की गई है। वैज्ञानिकों ने बताया कि खेत से मिट्टी का सही नमूना लेने और उसे सुरक्षित तरीके से पैक करने की उचित वैज्ञानिक विधि जानने के लिए किसान पहले उनसे संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद वे अपने जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में अपना नमूना जमा कर सकते हैं। यह योजना पूर्णतः एससी और एसटी वर्ग के लिए आरक्षित है। केंद्र की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा दी जाने वाली सभी लाभकारी योजनाओं और सुविधाओं का फायदा केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जो इस अभियान के तहत अपनी मिट्टी की जांच कराएंगे। अतः पात्र किसानों से अपील है कि वे जल्द से जल्द अपना मृदा नमूना जमा करें और इन योजनाओं का लाभ उठाएं।