वाराणसी। वाराणसी किराना व्यापार समिति (पंजीकृत) द्वारा रविवार को होटल त्रिदेव, विशेश्वरगंज में "व्यापारी गौरव महोत्सव, दायित्व ग्रहण, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल एवं दयाशंकर मिश्र 'दयालु' सहित कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने पद की शपथ लेकर व्यापारी हितों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने व्यापारियों को देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके हितों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। समिति अध्यक्ष अनुप जायसवाल ने संगठन की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए व्यापारियों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सचिन अग्रवाल एवं धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी अभिनव चौरसिया ने किया।